अखंड साम्राज्य योग (Akhand Samrajya Yoga) वह महायोग है जो कुंडली में उपस्थित होने पर जातक की किस्मत और दशा पूरी तरह बदल देता है। यदि जन्मकुंडली में अखंड साम्राज्य योग विद्यमान हो, तो अन्य सभी अशुभ अथवा बुरे ग्रहों के प्रभाव स्वतः समाप्त हो जाते हैं। यह योग व्यक्ति को नौकरी, व्यापार, राजनीति और शिक्षा के क्षेत्रों में उच्च श्रेणी की सफलता दिलवाता है।
वैदिक ज्योतिष में अनेक शुभ योगों का वर्णन किया गया है, लेकिन एक ऐसा योग भी है जिसके बारे में अधिकांश लोगों को विशेष जानकारी नहीं होती — वह है अखंड साम्राज्य योग। ज्योतिष शास्त्र में इसे अति अत्यंत दुर्लभ योगों की श्रेणी में रखा गया है। यह जन्मकुंडली में लग्न और ग्रहों की कुछ विशिष्ट परिस्थितियों के कारण निर्मित होता है।
जिस जातक की कुंडली में यह योग होता है, वह अनंत संपत्ति और अपार धन का स्वामी बनता है। उसकी सुख-समृद्धि में निरंतर उत्तरोत्तर वृद्धि होती जाती है। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, लगभग 75 वर्षों तक इस योग का शुभ प्रभाव बना रहता है।
कैसे बनता है अखण्ड साम्राज्य योग? (Akhand Samrajya Yoga Formation)
वैदिक ज्योतिष में कुल 12 राशियां होती हैं जो तीन मुख्य समूहों में विभाजित हैं — चर, स्थिर और द्विस्वभाव। प्रत्येक समूह में चार-चार राशियां आती हैं। ध्यान देने योग्य बात यह है कि अखंड साम्राज्य योग केवल उन्हीं कुंडलियों में बनता है जो स्थिर लग्न (Fixed Ascendant) वाली होती हैं। स्थिर लग्न की राशियां हैं — वृषभ (Taurus), सिंह (Leo), वृश्चिक (Scorpio) और कुंभ (Aquarius)।
अखण्ड साम्राज्य योग के नियम एवं लाभ (Akhand Samrajya Yoga Benefits)
जन्मकुंडली में एकादशेश (11वें भाव का स्वामी), नवमेश (9वें भाव का स्वामी) तथा द्वितीयेश (2रे भाव का स्वामी) में से कोई भी एक ग्रह यदि चंद्र लग्न से अथवा मुख्य लग्न से केंद्र स्थान (1, 4, 7, 10वें भाव) में स्थित हो; और इसके साथ ही देवगुरु बृहस्पति (Guru) भी द्वितीय, पंचम अथवा एकादश भाव के स्वामी होकर केंद्र में स्थित हों, तो अखण्ड साम्राज्य नामक महायोग का निर्माण होता है।
यह योग स्थाई साम्राज्य, उच्च पद-प्रतिष्ठा तथा अकूत धनादि प्रदान करने वाला महान योग माना गया है।
यह योग मुख्य रूप से द्वितीयेश, नवमेश, एकादशेश तथा एक विशिष्ट स्थिति के गुरु द्वारा बनता है:
- द्वितीयेश का विचार: द्वितीय भाव का स्वामी यदि अपनी उच्च राशि, स्वराशि या मित्र राशि में स्थित हो अथवा पारावातांश आदि शुभ वर्गों में हो, तो जातक सैकड़ों लोगों पर शासन करता है। यदि द्वितीयेश उच्च का होकर केंद्र में बैठा हो, तो राज्य (सत्ता या उच्च सरकारी पद) की प्राप्ति होती है। तात्पर्य यह है कि द्वितीय भाव का शासन-सत्ता से घनिष्ठ संबंध होता है।
- नवमेश का विचार: नवमेश भाग्य का प्रतिनिधि होने के कारण समस्त वैभव, बल और धन की खान है। नवमाधिपति का केंद्र में बलवान होकर स्थित होना व्यक्ति को पूर्ण राज्य-कृपा दिलाता है।
- एकादशेश का विचार: एकादशेश हर प्रकार के लाभ का द्योतक है। इसका बलवान होना जीवन में आय और भौतिक साधनों की निरंतरता को दर्शाता है।
- देवगुरु बृहस्पति की भूमिका: गुरु स्वयं धनकारक और राज्य-कृपा कारक ग्रह हैं। जब वे धन (द्वितीय) या लाभ (एकादश) भाव के स्वामी बनते हैं, तो उनका प्रभाव और भी अधिक शक्तिशाली हो जाता है। ऐसे मूल्यवान ग्रह का केंद्र में स्थित होना लग्न और चंद्र दोनों को धन तथा राज्यप्रद शुभता प्रदान करता है।
उदाहरण कुंडलियों द्वारा विश्लेषण
उदाहरण कुंडली 1: इस कुंडली में गुरु एकादशेश और द्वितीयेश होकर प्रमुख दशम केंद्र भाव में स्थित हैं और नवमेश शुक्र भी उसी प्रमुख केंद्र में विराजमान हैं। ये दोनों न केवल लग्न से बल्कि लग्नेश से भी केंद्र में हैं। अतः साम्राज्य और धन का पूर्ण सुख प्राप्त होता है। हालांकि, गुरु-शुक्र पर पापमध्यत्व प्रभाव के कारण इस योग का फल जातक को थोड़ा विलंब (देर) से प्राप्त होता है, परंतु प्राप्ति अवश्य होती है।
इस प्रथम कुंडली के लग्न में शनि एवं राहु की युति भी बनती है। इस कारण अखंड साम्राज्य योग के फलस्वरूप राज्य, धन, वैभव आदि तो प्राप्त हुए, परंतु लग्नेश शनि का लग्न में राहु के साथ होने से व्यक्ति का स्वभाव कठोर हुआ तथा शनि के प्रभाव स्वरूप योग के फल जीवन के उत्तरार्ध में प्राप्त हुए।
उदाहरण कुंडली 2: इस दूसरी कुंडली में एकादशाधिपति बुध लग्न से केंद्र में तथा द्वितीयाधिपति गुरु भी लग्न से केंद्र में स्थित हैं। इस प्रकार गुरु और बुध मिलकर इस योग की शर्तों को पूर्ण करते हैं।
उपयोगी लिंक:
मित्रों, यह जानकारी आपको कैसी लगी, हमें कमेंट या संदेश द्वारा अवश्य बताएं। यदि आपको यह जानकारी उपयोगी लगी हो तो इसे अपने मित्रों व परिजनों के साथ शेयर अवश्य करें। यदि आपके मन में अपनी कुंडली या ग्रह योगों से संबंधित कोई सवाल है, तो आप हमसे परामर्श ले सकते हैं।


